सुमन ठाकुर, अररिया (ANG INDIA NEWS) : बिहार के अररिया जिला अंर्तगत रानीगंज थाना क्षेत्र अवस्थित छर्रा पट्टी कलावती नगर वार्ड संख्या 7 में शुक्रवार को पति पत्नी में हुए आपसी विवाद में पति पत्नी दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गये। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना रानीगंज पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना में पदस्थापित एएसआई सदलबल घटना स्थल पहुंच गम्भीर रूप से घायल दम्पति को स्थानीय लोगों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया जहाँ चिकत्सकों द्वारा गम्भीर रूप से घायल पति पत्नी का तत्काल इलाज कर हालत गम्भीर देखते हुए दोनों को पूर्णियां रेफर कर दिया गया। घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि 48 वर्षीय प्रमोद झा अपनी पत्नी मीरा देवी और अपने तीन बच्चों के साथ कलावती नगर में रहता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार आये दिन किसी न किसी बात को लेकर दोनों पति पत्नी में विवाद होते रहता था। शुक्रवार को सुबह भी किसी बात को लेकर दोनों में खूब झगड़ा हुआ। कहा जाता है कि झगड़ा इतना बढ़ गया कि पति प्रमोद ने एक तेज धारदार दबिया से अपनी पत्नी का गला रेत दिया बाद में खुद ही अपने गले पर भी दबिया ले मारा जिससे पूरा घर लहूलुहान हो गया। इसे देख घर में बच्चे रोने चिल्लाने लगे तभी आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहाँ से चिकित्सकों द्वारा तत्काल इलाज कर रेफर कर दिया गया।