सहरसा, अजय कुमार: दो दिवसीय अवतरण महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को सहरसा कालेज मैदान में स्वामी अगमानन्द जी महाराज, आचार्य ब्रजमोहन सिंह(लाल बाबा), विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ.आलोक रंजन, पूर्व विधायक किशोर कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष रेणु सिन्हा, प्रधानाचार्य प्रो.डा.पवन कुमार, डॉ.रजनीश रंजन, सतवीर सिंह द्वारा सामुहिक रुप से दीपप्रज्वलन कर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्वस्ति वाचन पाग, माला व अंगवस्त्र से सभी आगन्तुक का सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो.डॉ.पवन कुमार ने स्वागत भाषण में कहा संत जनों के दर्शन से ही ईश्वर का दर्शन संभव है। अपने लिए सभी जीते हैं। जो दूसरों के लिए जीते हैं वही सच्चा मानव है। जब भी धर्म की हानि होती है धर्म की रक्षा के लिए संत महात्माओं का आगमन होता है।भटके हुए मानव को धर्म के द्वारा ही सही रास्ते पर लाया जा सकता है।
इस अवसर पर गाइये गणपति जगबन्दन, शंकर सुमन भवानी के नन्दन भक्ति संगीत गायन से लोगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। लाल बाबा ने कहा गुरु दो तरह के होते हैं शिक्षा गुरु और दीक्षा गुरु। सुंदर घट का निर्माण करनेवाला ही सच्चा गुरु होता है। सदगुरु के शरण में जाने से जीवन सफल हो जाता है।दीक्षा लेना पुनर्जन्म के समान है। विचार संस्कृति का संवाहक होता है।विचार शुन्यता मौत के समान है।विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ.आलोक रंजन ने कहा जब भी धर्म पर प्रहार होता है ऐसे महान संत का आगमन होता है। हमलोगों का सौभाग्य है कि सहरसा की धरती पर स्वामी अगमानन्द जी महाराज का पदार्पण हुआ है। इस अवसर पर बड़ी संख्या मे श्रद्धालू मौजूद थे।