नई दिल्ली: Maharashtra CM News Updates महाराष्ट्र में बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद वह तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। गुरुवार शाम को शपथ लेने वाले फडणवीस ने अपने संबोधन में कहा कि 2019 के बाद एक भी विधायक ने पार्टी नहीं छोड़ी और महायुति को ऐतिहासिक जनादेश मिला है। 20 नवंबर को हुए चुनाव में भाजपा ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 132 सीट जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के समर्थन को विशेष रूप से याद किया, जिन्होंने चुनाव अभियान के दौरान महाराष्ट्र भाजपा को पूरा समर्थन दिया। उन्होंने वार्ड स्तर के कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक की अपनी यात्रा का जिक्र किया और कहा कि यह जनता का आशीर्वाद है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ मिलकर भाजपा नेतृत्व वाली महायुति के पास 230 सीटों का भारी बहुमत है।
फडणवीस ने अपने सहयोगी दलों के नेताओं को विशेष धन्यवाद दिया और कहा कि यह जीत महाराष्ट्र की जनता के विश्वास का परिणाम है। चंद्रकांत पाटिल द्वारा रखे गए प्रस्ताव के बाद फडणवीस को विधायक दल का नेता चुना गया, जिसमें पंकजा मुंडे, प्रवीण दरेकर, रवींद्र चव्हाण और अन्य प्रमुख नेताओं ने समर्थन दिया। फडणवीस ने छत्रपति शिवाजी, अटल बिहारी वाजपेयी और अहिल्याबाई होल्कर को याद करते हुए कहा कि यह जीत उनके आदर्शों और विरासत का सम्मान है।