नई दिल्ली: 18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज से प्रारंभ हो रहा है। यह सत्र 3 जुलाई तक चलेगा। सत्र की शुरुआत नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण से होगी, जो दो दिन तक जारी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले सांसद के रूप में शपथ लेंगे। पहले दिन कुल 280 सांसद शपथ लेंगे। 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। सत्र के अंतिम दो दिनों में सरकार राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाएगी। प्रधानमंत्री मोदी 2 जुलाई को लोकसभा और 3 जुलाई को राज्यसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद दोनों सदनों में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। राष्ट्रपति मुर्मू ने भाजपा नेता और सात बार के सांसद भर्तृहरि महताब को लोकसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है। महताब नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे और लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव तक संसद की कार्यवाही का संचालन करेंगे। राष्ट्रपति सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राष्ट्रपति भवन में महताब को प्रोटेम अध्यक्ष पद की शपथ दिलाएंगी।
विपक्ष ने महताब की नियुक्ति पर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है। कांग्रेस का दावा है कि वरिष्ठता के आधार पर उनके सांसद सुरेश इस पद के लिए प्रबल दावेदार हैं। हालांकि, सरकार का तर्क है कि वर्तमान लोकसभा में बिना हारे लगातार सबसे लंबे समय तक सांसद रहने के मामले में महताब सबसे वरिष्ठ हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक बताकर खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुरेश आठ बार सांसद रहे हैं, लेकिन 1998 और 2004 में वह लोकसभा के सदस्य नहीं थे, इसलिए उनका कार्यकाल निरंतर नहीं रहा। सुरेश ने यह भी आरोप लगाया था कि उनके दावे को इसलिए नजरअंदाज किया गया क्योंकि वे दलित समुदाय से हैं।