PURNIA NEWS : अमौर थाना में दुर्गा पूजा के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिंह ने की, जबकि थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने इसका सफल नेतृत्व किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में 13 दुर्गा मंदिरों में प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जा रही है। इनमें दलमालपुर, धुरपैली, इस्लामपुर, विष्णुपुर, खमेला, पोठिया बरेली, रौती बसहा, महम्मदपुर, नितेन्द्र, मच्छट्टा, अमौर, खाड़ी और दुलालगंज शामिल हैं। उन्होंने सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने पर जोर दिया और मंदिरों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया।
अंचलाधिकारी सुधांशु मधुकर ने बताया कि पंडाल का निर्माण किसी विशेष थीम पर नहीं होगा और डीजे पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मंदिरों पर प्रशासन की निगरानी रहेगी और पुलिस बल हर जगह तैनात रहेगा। सभी आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है।बैठक में सभी जनप्रतिनिधि और दुर्गा पूजा कमिटी के सदस्य उपस्थित थे। इस व्यवस्था से शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की उम्मीद जताई गई है।