पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News मंगलवार को प्रखंड के पांच पैक्सों के चुनाव को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए 15 बूथ बनाए गए हैं। निष्पक्ष चुनाव को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर मतदानकर्मियों एवं पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। इस संबंध में एआरओ सह पंचायतीराज पदाधिकारी प्रीतम जायसवाल ने बताया कि यहां नौ पैक्सों में से चार निर्विरोध चुन लिये जाने से, यहां पांच पैक्सों में ही चुनाव हो रहा है। निष्पक्ष मतदान करने को लेकर प्रशासन पूरी तैयारियां कर ली है तथा सभी मतदान केंद्रों पर मतदानकर्मी एवं पुलिसबल तैनात कर दिये गए हैं।
शुक्रवार की सुबह सात बजे से शाम साढे चार बजे तक मतदान होगा। इसके लिए 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें सिंहपुर दियारा, भिखना, नाथपुर, गोडियर पष्चिम एवं कोयली सिमडा पैक्सों के अध्यक्षों के चुनाव होने हैं, जबकि कोयली सिमडा पूरब में मात्र तीन सदस्यों के चुनाव होने हैं। पांचों पैक्सों के चुनाव में 9189 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें सिंहपुर दियारा पैक्स में 2796 मतदाता अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए मध्यविद्यालय, झलारी को मतदान केंद्र बनाया गया है, इसमें चार बूथ हैं। ठीक इसी तरह कोयली सिमडा पूरब पैक्स में 1017 मतदाता हैं, इसके लिए मध्यविद्यालय, सिमडा में मतदान केंद्र बनाया गया है तथा इसमें दो बूथ हैं।
ठीक इसी तरह गोडियर पष्चिम पैक्स में 1846 मतदाता हैं, जो मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसका मतदान केंद्र मध्यविद्यालय, तीनटंगा में बनाया गया है। इसमें चार बूथ हैं। ठीक इसी तरह मिखना पैक्स में 1728 मतदाता हैं। इसके लिए मध्यविद्यालय, भिखना में मतदान केंद्र बनाया गया है। इसमें कुल तीन बूथ हैं। ठीक इसी तरह नाथपुर पैक्स में 1802 मतदाता हैं, जो अपने-अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसके लिए मध्यविद्यालय, बहुती को मतदान केंद्र बनाया गया है। इसमें भी तीन बूथ हैं।