पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रखंड में पैक्स चुनाव के मतगणना के बाद परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया तथा सभी जीते हुए प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र भी दे दिया गया है। इस दौरान सभी जीते हुए प्रत्याशियों के समर्थकों में काफी खुशियां व्याप्त थी तथा सभी ने अपने-अपने प्रत्याशियों को फूल माला व रंग-अबीर से शराबोर करते हुए अपनी खुशियों का इजहार किया। यह बता दें कि यहां 9 पैक्सो में चुनाव होना था, परंतु चार पैक्सो के सभी निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष निर्विरोध चुन लिए गए थे। इसमें धूसर टीकापट्टी से विनोद केसरी, कोयली सिमरा पश्चिम से कैलाश भारती, रामपुर परिहट से आलोक कुमार एवं लक्ष्मीपुर गिरधर पैक्स से सुबोध कुमार सिंह निर्विरोध चुन लिए गए थे। बाकी बचे पांच पैक्सो में 3 दिसंबर को चुनाव हुआ था।
इसमें गोडियर पश्चिम पैक्स से तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। यहां के पूर्व मुखिया वीरेंद्र कुमार मंडल ने बाजी मारी, उन्हें 590 मत, पूर्व पैक्स अध्यक्ष की पत्नी गुड़िया देवी को 326 मत एवं संतोष कुमार मंडल को 46 मात्र प्राप्त हुए। ठीक इसी तरह सिंहपुर दियारा पैक्स से नि वर्तमान पैक्स अध्यक्ष मोहम्मद मसिउर रहमान ने फिर बाजी मारी, उन्हें 1133 मत मिले, जबकि रमण कुमार पासवान को 422 मत मिले। ठीक इसी तरह भिखना पैक्स से श्रीनिवास कुमार ने बाजी मारी, उन्हें 615 मत मिले, जबकि मोहम्मद इसहाक को 553 मत मिले। ठीक इसी तरह कोयली सिमडा पूरब पैक्स में निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह पर ही मतदाताओं ने भरोसा जताया तथा उन्होंने अपनी जीत दर्ज की। उन्हें 399 एवं रवि शंकर सुमन को 289 मत मिले। ठीक इसी तरह नाथपुर पैक्स में तीन प्रत्याशियों में पूर्व डीलर कैलाश शर्मा ने बाजी मारी है। यहां कैलाश शर्मा को 298 राकेश कुमार को 250 एवं मनोज जायसवाल को 193 मत मिले।
सभी विजेता प्रत्याशियों को रिटर्निग ऑफिसर सह वीडियो अरविंद कुमार, बीपीआरओ प्रीतम जायसवाल, बीसीओ धनंजय कुमार द्वारा प्रमाण-पत्र दिए गए। इन नो पैक्सो में हुए चुनाव में 6 वर्तमान अध्यक्ष को ही मतदाताओं ने फिर से मौका दिया, वहीं तीन नए चेहरे सामने आए हैं। सभी जीते हुए प्रत्याशियों को अधिकारियों ने शुभकामनाएं दी। इसमें सबसे ज्यादा मत से सिंहपुर दियारा पैक्स के मोहम्मद मसीहउर रहमान निर्वाचित हुए हैं, उन्हें 1133 मत मिले हैं। जबकि भिखना पंचायत से सबसे कम उम्र के युवा पैक्स अध्यक्ष के रूप में श्रीनिवास कुमार चुने गए हैं। सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों से यहां के मतदाताओं को तथा किसानों को काफी उम्मीदें हैं कि वे अपने-अपने पैक्सो का चौमुखी विकास करेंगे।