पूर्णिया : वर्तमान में पूरे विश्व में पर्यावरण संरक्षण को लेकर बहुत चिंता का माहौल है। ग्लोबल वार्मिंग, प्रदूषण और मानवीय गतिविधियों के कारण पर्यावरण पर बुरा असर पड़ रहा है। ऐसे में विभिन्न संस्थाएं और सरकारें पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चला रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्णिया जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने इस अवसर पर सभी स्वास्थ्य केंद्रों के परिसर में पौधरोपण किया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का थीम “भूमि पुनर्स्थापन, मरुस्थलीकरण और सूखा लचीलापन” था। पूर्णिया आयुक्त संजय दुबे के साथ जिला स्वास्थ्य समिति कार्यालय में सिविल सर्जन डॉ. ओपी साहा ने पौधारोपण किया।
डॉ. साहा ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना जरूरी है। आधुनिक जीवनशैली और विकास के चलते प्रकृति को नुकसान पहुंचा है, जिससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला गैर संचारी रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुभाष कुमार सिंह ने कहा कि पेड़-पौधों का होना भूमि संरक्षण के लिए आवश्यक है। इनके बिना बारिश के मौसम में लोगों को बाढ़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पेड़ मानव को कई बीमारियों से भी बचाते हैं।
एपिडेमियोलॉजिस्ट नीरज कुमार निराला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्लास्टिक के इस्तेमाल पर अंकुश लगाना होगा। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक से निपटने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए जाने चाहिए।
इस अवसर पर डीपीएम सोरेंद्र कुमार दास, डीसीएम संजय कुमार दिनकर, डीएएम पंकज मिश्रा, यूनिसेफ जिला समन्वयक शिवशेखर आनंद, शहरी स्वास्थ्य मिशन समन्वयक दिलनवाज आलम और सहयोग संस्था के सचिव डॉ. अजित प्रसाद सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।