सहरसा, अजय कुमार: शहर के सुपर मार्केट में आयोजित दो दिवसीय शिव महोत्सव का समापन रविवार को किया गया। कार्यक्रम के संयोजक रमन प्रकाश सिंह ने कहा कि विगत 22 वर्षों से यहां शिव महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष किया जा रहा है। इस अवसर पर शिवपूजन व सत्संग स्थानीय गायकों ने भजन किया। मुंगेर से आए चंद शेखर शर्मा ने भी अपने भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर आज के कार्यक्रम की शुरुआत चंद्रशेखर शर्मा के भजन से हुआ। प्रवचन की शुरुआत कर संयोजक सह कार्यक्रम संरक्षक रमन प्रकाश सिंह ने कहा कि जब शमा बुझ गई तो महफिल में रंग आया। जब जीवन खत्म हुआ तो जीने का ढंग आया। इसीलिए जीवन खत्म होने से पहले जीवन देने वाले से मिल लीजिए। मुन्ना श्री ने नारी शक्ति की महिमा और महत्त्व की गरिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सिनेमा और टीवी सीरियल के कुप्रभाव से महिलाओं की बड़ी हानि हो रही है।
इस अवसर पर गिरि बाबा ने नवधा भक्ति की सप्रसंग व्याख्या करते हुए इसी जीवन में अपनाने की सलाह दी। स्वामी दुर्गा नंद सरस्वती ने विज्ञान भैरव तंत्र की व्याख्या की। साथ ही उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक धारा पर प्रकाश डाला। डॉक्टर आरके सिंह के द्वारा संचालित व्यवस्था में कोई त्रुटि नहीं है। आए हुए अतिथियों के नाश्ता भोजन और आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। मंच संचालन रमन प्रकाश सिंह एवं संचालन डॉक्टर प्रभात ने किया। भजन गायकों में चंद्रशेखर शर्मा, कन्हैया सिंह और रामकिंकर ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में रामकुमार, सोनू, सनातन, राजेश कुमार, महेंद्र यादव मेजर सहित अन्य ने सराहनीय योगदान दिया।
