पूर्णिया/अरुण कु० सिंह : मंगलवार को वारिय अधिवक्ता स्व० नवीन नाथ झा को दी गई भाव-भीनी श्रद्धांजलि। उनका निधन लगभग 84 वर्ष की अवस्था में 27 मई 2024 की संध्या इलाज के दौरान शहर के एक निजी अस्पताल में हो गया। परंपरा के अनुसार 28 मई को उनके प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए जिला अधिवक्ता संघ के तमाम अधिवक्ताओं ने अपने-आप को न्यायिक कार्यों से अलग रखा।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश कु० तिवारी की अध्यक्षता में अपराह्न 01:30 बजे संघ के नव निर्मित प्रशाल में एक शोक-सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर संघ के महासचिव सुमन जी प्रकाश एवं अन्य अधिवक्ता गण उपस्थित थे। संघ के अध्यक्ष अवधेश कु० तिवारी ने स्व० झा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2000 में सरकारी सेवा से अवकासोपरांत अपने संघ की सदस्यता ग्रहण की थी। वे नेक दिल और शालीन व विवादों से परे रहने वाले इंसान थे।
उनका आकस्मिक निधन अधिवक्ता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अपने पीछे विधवा पत्नी ललिता झा के अलावे 5 पुत्र एवं 2 पुत्री छोड़ गए हैं। उनका बड़ा पुत्र गृह मंत्रालय दिल्ली में कार्यरत है। द्वितीय पुत्र दिल्ली में गैरसरकारी नौकरी में है। शेष तीनों पुत्र व्यावसाई हैं। सभी संताने शादी-सुदा और सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
उधर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायिक कक्ष में भी संध्या 04.00 बजे एक संयुक्त शोक-सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता गण शामिल हुए तथा 2 मिनट का मौन रखकर स्व० नवीन नाथ झा के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।