पटना: Bihar Breaking बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दीपावली और छठ पर्व से पहले बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन 25 अक्टूबर को ही जारी किया जाएगा। वित्त विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर द्वारा जारी विशेष आदेश के अनुसार, इस निर्णय से राज्य के लगभग 8 लाख सरकारी कर्मचारियों को लाभ होगा। साथ ही अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त होने वाले राजपत्रित और अराजपत्रित कर्मचारियों को भी माह के अंतिम कार्य दिवस तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “यह निर्णय बिहार कोषागार संहिता, 2011 के नियम 141 के तहत लिया गया है। सरकार चाहती है कि सभी कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहारों का आनंद ले सकें। यह कदम सरकार की कर्मचारी-हित में प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” विशेष रूप से इस वर्ष सरकार ने दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए वेतन भुगतान की तिथि को आगे बढ़ाया है, जिससे कर्मचारियों को त्योहारी खरीदारी में सुविधा होगी।
वित्त विभाग ने सभी विभागों को वेतन बिल समय पर जमा करने का निर्देश दिया है, ताकि भुगतान में किसी प्रकार का विलंब न हो। सरकारी कर्मचारी संघ ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि इस निर्णय से कर्मचारियों में खुशी की लहर है और वे पूरे उत्साह के साथ त्योहार मना सकेंगे।