पूर्णिया: PURNIA NEWS भारतीय स्टेट बैंक की ओर से पूर्णिया के उच्च विद्यालय विशनपुर कसवा में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नाबार्ड द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम का विषय “करो सही शुरुआत, बनो वित्तीय-स्मार्ट” रखा गया। एसबीआई के सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक एवं वित्तीय साक्षरता सलाहकार अजय कांत झा ने विद्यार्थियों को नियमित बचत के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने साधारण ब्याज और चक्रवृद्धि ब्याज की विस्तृत जानकारी दी।
साथ ही डिजिटल लेनदेन में सुरक्षा के टिप्स भी साझा किए। श्री झा ने विशेष रूप से साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए बताया कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी OTP, बारकोड/QR कोड स्कैन या MPIN की जानकारी नहीं देनी चाहिए। उन्होंने YONO Lite ऐप और कार्डलेस ATM सेवाओं की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें अंतरा कुमारी ने प्रथम, तनु कुमारी ने द्वितीय और खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और सम्मान पत्र प्रदान किए गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस अवसर पर संजीव कुमार और सुनील कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम जिला अग्रणी प्रबंधक राज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।