पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News शिक्षक के सम्मान में इतनी बड़ी उपस्थिति निश्चित ही विदा हो रहे शिक्षक की काबिलियत को दर्शाता है। उक्त बातें आदर्श मध्य विद्यालय, बिरौली बाजार में आयोजित प्रधानाध्यापक विनोद कुमार साहनी के अवकाश प्राप्त होने के बाद विदाई सह सम्मान समारोह में जिला सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अरविंद कुमार कह रहे थे। इस सम्मान समारोह की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनीत कुमार ने किया, जबकि मंच संचालन शिक्षाविद शिक्षक शशांक शेखर एवं मोहम्मद रियाजुद्दीन ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहित सभी अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक को साल देखकर सम्मानित किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अरविंद कुमार एवं जिप सदस्य पूनम देवी मौजूद थी। सम्मान समारोह में यहां के पूर्व में अवकाश प्राप्त कर विदा हुए प्रधानाध्यापक परीक्षण मंडल को भी सम्मानित किया गया। मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए, जिला सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि शिक्षक के सम्मान में इतनी बड़ी उपस्थिति निश्चित ही विदा हो रहे प्रधानाध्यापक विनोद कुमार साहनी की काबिलियत को दर्शाती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वह इनकी तरह बनें, समय से आएं , बच्चों को पढ़ायें।
ग्रामीणों को इससे बढ़कर और क्या चाहिए। प्रायः सभी शिक्षक गरीब परिवार से ही आए हैं, ऐसी स्थिति में गांव के बच्चों को पढ़कर कम-से-कम अपनी तरह बनाना उनका दायित्व बनता ही है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि जबतक शिक्षकों को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखेंगे, तबतक बच्चों में शिक्षकों के प्रति सम्मान नहीं आएगा। साथ ही शिक्षक भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करें, ताकि वह सम्मान के काबिल बन सकें। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनीत कुमार के भी व्यावहारिक कार्य शैली को देखते हुए कहा कि विनोद कुमार सहनी टीकापट्टी मध्य विद्यालय से अवकाश ग्रहण किए हैं, उनका विदाई समारोह टीकापट्टी में होना चाहिए था, परंतु उन्होंने अपने यहां विदाई समारोह की व्यवस्था की, यह उनकी बड़प्पन एवं शिक्षक के प्रति लगाव को दर्शाता है। प्रधानाध्यापक सुमित कुमार ने कहा कि विनोद कुमार सहनी उनके यहां प्रधान रहे थे तथा उनके सानिध्य में रहकर शिक्षक के स्वरूप को समझा था। आज उन्हें फिर से उनकी सेवा करने का मौका मिला, तो वह भला कैसे चूकते।
विनोद बाबू ऐसे शिक्षक हैं जिनकी विदाई कभी हो ही नहीं सकती। उनके प्रकाश से आज भी बिरौली बाजार के बच्चे जगमगा रहे हैं। उन्होंने इस विद्यालय को बहुत कुछ दिया है, जिसे कभी बुलाया नहीं जा सकता है। सामाजिक कार्यकर्ता हुमायूं अंसारी ने विनोद बाबू को कुरान भेंट करते हुए कहा कि जब वह यहां थे, तब उनकी लालसा हमेशा कुरान में रहती थी। आज मौका मिला है, उन्हें यह उपहार सौंपने का। इस दौरान गायक किशोर कुमार की आवाज में सटीक गाना गाने वाले विनोद कुमार साहनी से लोगों ने गाना गाने की अपील की, तो उन्होंने कोरा कागज फिल्म का गाना मेरा जीवन, कोरा कागज, गाकर लोगों को नया संदेश दे डाला। विनोद साहनी ने सभी लोगों को संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है। इसे जितना दान दिया जा सके, कम ही होगा। एक यही चीज है, जो कभी भी कम नहीं होता है। उन्होंने अपने आखिरी समय तक शिक्षा को ही अपनी मंजिल बनाया तथा कभी भी इससे नजरे नहीं चुराया। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वह जीवन में कभी भी शिक्षा दान से मुंह नहीं मोड़ने की बात करें। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष शोभा देवी एवं सचिव बेबी खातून सहित सैकड़ो की संख्या में शिक्षक अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित थे।