पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News प्रखंड में मंगलवार की सुबह कुहासा एवं ठंड से यहां के सभी लोग परेशान रहे। सबसे ज्यादा इसमें स्कूली बच्चों को परेशानी में देखा जा रहा है। यह बता दें कि इसबार यहां पिछले साल की अपेक्षा पहले से ही ठंड ने दस्तक दे दी है, जिससे यहां का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थिति यह है कि लोग अब सुबह घरों से निकलते ही कांपने लगते हैं। मवेशी पालकों के भी साथ अनेक समस्याएं आने लगी हैं, इसमें दुधारू मवेशी दूध कम देने लगे हैं।
मजदूरों को भी काम पर जाने से परेशानी आने लगी है। इसके अलावा इस ठंड का असर अब किसानो की फसलों पर भी पडने लगा है। आलू की फसल में अब झूलसा रोग का प्रकोप बढने लगा है तथा किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए नाको चने चबाने पड रहे है। अब लोग सुबह अलाव आदि से उठने का नाम नहीं ले हैं।
दूसरी ओर यहां के सरकारी स्कूलों को तो नौ बजे से खोला जा रहा है, परंतु स्थानीय समानांतर चल रहे स्कूल, कोचिंग संस्थाओ में पढानेवाले शिक्षक अपने ही कानून के सहारे चल रहे हैं। वे बच्चों को सुबह छः बजे ही बुला रहे हैं, जिससे बच्चे इस कंपकंपाती ठंड में भी स्कूल जाने पर मजबूर हो रहे हैं। लोगों ने प्रषासन से पूरे क्षेत्र में अलाव लगाने की मांग की है।