पूर्णिया: Purnia News पूर्णिया के अमरूद बगान में एक अत्यंत दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 02 दिसंबर 2024 को रीमा कुमारी की उसके देवर सूरज कुमार द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। अररिया ओमनगर की रहने वाली रीमा कुमारी की शादी पूर्णिया मरंगा लाइन बस्ती के केशव कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद दहेज को लेकर लगातार विवाद होते रहे, जिसके बाद सूरज कुमार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर रीमा को चाकू से 12-13 बार गोदकर हत्या कर दी। मृतक के भाई नीतेश कुमार ने मरंगा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया।
इस घटना की जानकारी विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ अररिया की महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ज्योति भगत को दी गई। ज्योति भगत ने तत्काल राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को इसकी सूचना दी और बाकी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने सीमांचल प्रवक्ता दिलीप कुमार दीपक, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री खुशबू भारती, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सोनीका पहुंजा और अपनी टीम के साथ पूर्णिया एसपी और डीएसपी से मिलकर घटना का विवरण साझा किया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों पर उचित कार्रवाई की मांग की।
पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुना और विश्वास दिलाया कि घटना में संलिप्त सभी आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे, जिनमें बिहार प्रदेश महामंत्री खुशबू भारती, पूर्णिया महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सोनीका पहुंजा, अररिया जिला अध्यक्ष सुष्मिता कुमारी, अररिया जिला उपाध्यक्ष ज्योति भगत और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।