पूर्णिया, आनंद यादुका: PURNIA NEWS पूर्णियां-टीकापट्टी मुख्य सड़क मार्ग पर दुर्गापुर चौक के नजदीक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक चंदेश्वरी मंडल उर्फ चानो मंडल रघुनाथपुर पंचायत के दुर्गापुर वार्ड नंबर 10 निवासी पोलाय मंडल उर्फ पोलो मंडल का पुत्र था। मृतक के परिजनों ने बताया कि चानो मंडल रविवार की संध्या भवानीपुर बाजार से पैदल अपने घर दुर्गापुर जा रहा था। इसी दौरान दुर्गापुर चौक से थोड़ा दूर पहले एक बाइक सवार ने उसे धक्का मार दिया। बाइक की टक्कर से चानो मंडल की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।
स्थानीय लोगों के सहयोग से चानो मंडल को सामुदायिक अस्पताल भवानीपुर ले जाया गया। जहां मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर भवानीपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच दुर्घटना कारित बाइक को जप्त कर थाना लाने का काम किया। वहीं दूसरी तरफ घटना की जानकारी पाकर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे थे।
मृतक के परिजनों के करुण विलाप से समूचा अस्पताल दहल जा रहा था। घटना की जानकारी पाकर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सावन कुमार, रघुनाथपुर के मुखिया वेदानंद मंडल, जदयू जिला महासचिव रूपेश कुमार मंडल, जीप सदस्य कंचन देवी, समाजसेवी चंदन चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंच मृतक के परिजनों को सांत्वना देने का काम किया।