सहरसा, अजय कुमार: SAHARSA NEWS बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक डॉ आलोक रंजन ने बताया कि आज सहरसावासियों के लिए बहुत बड़ा दिन है क्योंकि कई वर्षों से सहरसा के रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में जो बाधाएं आ रही थीं। उन सब पर आज पूर्ण रूप से विराम हो चुकी है। उच्च न्यायालय ने ओवरब्रिज के निर्माण की अनुमति दे दी है। विधायक ने लंबित पड़े इस फैसले के आ जाने पर हर्ष व्यक्त किया और समस्त सहरसा वासियों को बधाई दी। डॉ आलोक रंजन जब मंत्री का दायित्व निभा रहे थे। तब ही से वे सहरसा में ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर प्रयासरत थे। डॉ आलोक रंजन ने बताया कि जब ब्रिज निर्माण को लेकर बाधाएं बढ़ती गईं तब भी उन्होंने हार नहीं मानी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इसके निर्माण में आ रही रुकावटों को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के माध्यम से ही तत्कालीन पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव से इसके समाधान को लेकर चर्चा की। इसके उपरांत इस केस में एलपीए दायर की गई और इसपर तुरंत सुनवाई हुई। तमाम प्रयासों और सहरसा के लोगों के सहयोग से ही सहरसा के हित में ये फैसला आया है। बीते दिनों मुख्यमंत्री ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान भी सहरसा में ओवरब्रिज निर्माण को लेकर घोषणा की थी। विधायक ने विश्वास दिलाया कि अब जब ओवरब्रिज निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है तो जल्द ही इसका निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।
जैसा कि सर्वविदित है कि ओवरब्रिज निर्माण डॉ आलोक रंजन के चुनावी संकल्प में भी शामिल था।मत्स्यगंधा झील के सौंदर्यीकरण, हवाई अड्डे के विकास के उपरांत अब सहरसा में ओवरब्रिज निर्माण का संकल्प भी जल्द ही सिद्ध होगा। इसके लिए डॉ आलोक रंजन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहरसा प्रभारी मंत्री एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल को धन्यवाद प्रेषित किया।