पूर्णिया/अरुण कु० सिंह : जाने-माने अधिवक्ता स्व० कृष्ण कु० चौधरी को दी गई भाव-भीनी श्रद्धांजलि। उनका निधन लगभग 60 वर्ष की अवस्था में 10 अप्रैल 2024 को अपराह्न 03.00 बजे हृदयगती रुकने से हो गया। परंपरा के अनुसार 15 अप्रैल को उनके प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए जिला अधिवक्ता संघ के तमाम अधिवक्ताओं ने अपने-आप को न्यायिक कार्यों से अलग रखा। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश कु० तिवारी की अध्यक्षता में दिन के 01:30 बजे संघ के प्रशाल में एक शोक-सभा का आयोजन किया गया।
इस मौके पर संघ के महासचिव सुमन जी प्रकाश एवं अन्य अधिवक्ता गण उपस्थित थे। संघ के अध्यक्ष अवधेश कु० तिवारी ने स्व० कृष्ण कु० चौधरी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2005 में अपने संघ की सदस्यता ग्रहण की थी। वे नेक दिल और शालीन व विवादों से परे रहने वाले इंसान थे। वे काफी मिलनसार और हमेशा हंसते मुस्कुराते रहने वाले व्यक्ति थे। उनका आकस्मिक निधन अधिवक्ता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके पत्नी का निधन पूर्व में ही हो चुका था।
वे अपने पीछे 4 पुत्र एवं 1 पुत्री छोड़ गए हैं। उनका बड़ा पुत्र शादी-सुदा है एवम शेष संताने अविवाहित हैं। दो पुत्र दीपक कुमार व प्रमोद कुमार प्राइवेट नौकरी करते हैं। संग के महासचिव सुमन जी प्रकाश ने स्व० कृष्ण कु० चौधरी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वे लगभग पिछले दो माह से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज चल रहा था, इसी क्रम में डॉक्टर से दिखाने पटना गए हुए थे।
लौटते वक्त रास्ते में ही हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। उधर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायिक कक्ष में भी संध्या 04.00 बजे एक संयुक्त शोक-सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता गण शामिल हुए तथा 2 मिनट का मौन रखकर स्व० कृष्ण कु० चौधरी के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।