पूर्णिया: PURNIA NEWS जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले के सभी नगर एवं ग्राम पंचायतों में खेल क्लबों के गठन का निर्देश दिया है। इन खेल क्लबों का मुख्य उद्देश्य खेल का माहौल विकसित करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन शैली को बढ़ावा देना है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में एक खेल क्लब पंजीकृत होगा। सदस्यों की आयु 14 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। क्लब में महिला-पुरुष दोनों की भागीदारी अनिवार्य होगी। विशेष रूप से शारीरिक शिक्षक, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी या NIS प्रशिक्षक की उपस्थिति आवश्यक होगी।
बिहार सरकार द्वारा सभी खेल क्लबों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना 2024 के तहत 17 खेल विधाओं का चयन किया गया है। क्लबों की निगरानी के लिए जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति का गठन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एक वर्ष तक निष्क्रिय रहने वाले क्लबों की मान्यता समाप्त कर दी जाएगी। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को खेल क्लबों का गठन शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर निदेशक DRDA, विशेष कार्य पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।