पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: PURNIA BREAKING मोहनपुर थाना क्षेत्र के बहुती गांव के एक युवक सौरभ कुमार पिता कुलदीप शर्मा उम्र 23 वर्ष की मौत सोमवार को भागलपुर जिला के महादेवपुर घाट पर गंगाजल भरने के दौरान नदी में डूबकर हो गई है। इससे पूरा गांव आंसूओं में डूब गया है। मंगलवार को उसका शव घटना स्थल के पास से ही बरामद हुआ। प्रशासन ने शव का अंत्यपरीक्षण कराकर, शव को स्वजन को सौंप दिया है। सौरभ का शव जैसे ही गांव पहुंचा, स्वजन सहित पूरा गांव आंसूओं में डूब गया है। हरओर आंसूओं की धारा बह निकली। गांव के प्रत्यक्षदर्शी मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि बहुती गांव में भव्य बाबा भोलेनाथ का मंदिर है। यहां के दर्जनों युवक प्रत्येक वर्ष की तरह सावन की पहली सोमवारी को बाबा भोलेनाथ के मंदिर में जलाभिषेक को लेकर भागलपुर जिला के महादेवपुर घाट जाते हैं। इसी क्रम में गांव के उसके सहित राजीव ठाकुर, रूदल शर्मा, छोटेलाल शर्मा, अभिषेक कुमार, मणिकांत शर्मा, आशीष कुमार शर्मा, गौरव शर्मा , अजय शर्मा, प्रवीण शर्मा, बाॅबी कुमार सहित दो दर्जन युवक सोमवार की सुबह गंगा स्नान तथा गंगाजल को लेकर महादेवपुर घाट पहुंचे। सभी साथी स्नान करके, जल लेने गंगाजी में प्रवेश किये। सौरभ गंगाजी के शुद्ध पानी को लेकर नदी में कुछ आगे बढ गया। अचानक नदी में कछार में उसका पैर पड गया तथा वह नदी में डूबने लगा। जबतक वेलोग बचाने के लिए कुछ करते, तबतक वह नदी की तेजधार में बह गया तथा लापता हो गया। सौरभ तैरना भी नहीं जानता था। आंखों के सामने ही अपने दोस्त को डूबते देख, कुछ भी नहीं कर पाए। उन्होंने तत्काल स्थानीय परवत्ता थाना को खबर की, प्रशासन तुरत पहुंचा तथा उसकी खोजबीन की, परंतु सौरभ का पता नहीं चल पाया। वेलोग लगातार घाट पर ही बने रहे। मंगलवार की दोपहर घटना स्थल के पास ही उसका षव तैरता नजर आया। उसे लेकर वेलोग घर पहुंचे हैं। इधर पंचायत समिति सदस्य सुनीता देवी, सामाजिक कार्यकर्ता राजीव ठाकुर, पूर्व मुखिया मनोज जायसवाल सहित सभी ने पीडित परिवार को मुआजवा देने की मांग की है।
गांव में शव पहुंचते ही आंसूओं में डूब गया बहुती गांव-
सौरभ का शव जैसे ही गांव बहुती पहुंचा, वैसे ही यहां चित्कार मच गया। स्वजन ही नहीं, बल्कि पूरा गांव आंसूओं में डूब गया है। मां इंदू देवी, पिता कुलदीप शर्मा, दादी सुनंदी देवी, भाई गौरव कुमार, बहन रूपम देवी, अनुपम देवी, अन्नु देवी सहित सभी स्वजन उसके शव से लिपटकर चित्कार कर उठे। उनकी चित्कार से पूरा गांव आंसूओं में डूब गया। भाई गौरव कुमार रोते हुए बताया कि उसके सामने उसका भाई मौत के मुंह में समा गया, परंतु वह उसे बचा नहीं पाया। मां इंदू देवी बस चित्कार कर रही थी। रोते-रोते बेहोश हुए जा रही थी। बस उसके मुंह से यह निकल रहा था कि हे भोलेनाथ उसने ऐसी क्या गलती की थी, वह तो उनकी ही पूजा के लिए उनके दरबार में गया था, फिर क्यों उन्होंने उसकी गोद सूनी कर दी। इसी तरह सभी स्वजन चित्कार कर रहे थे।
विधायक शंकर सिंह ने किया शोक व्यक्त-
विधायक शंकर सिंह ने घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह बहुत बडी घटना है। एक जवान पुत्र की मौत से वे काफी मर्माहित हैं। वे अभी पटना में हैं, जैसे ही विधानसभा का सत्र खत्म होता है, वे तुरंत अपने जनता भगवान के यहां पहुंचेंगे। उनसे जो भी बन पडेगा, पीडित परिवार की सहायता करेंगे। मौके पर जिप सदस्य सह उनकी पत्नी प्रतिमा सिंह भी मौजूद थीं।