पटना: लोकसभा चुनाव में अब चंद महीने बच गए है। वहीं केन्द्र की बीजेपी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए देशभर की विपक्षी पार्टियों द्वारा एकजुट होकर ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया गया है। लेकिन इस गठबंधन में शामिल पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अबतक कोई फैसला नहीं हो पाया है। इधर सीट बंटवारे में हो रही देरी के सवाल पर जदयू के वरिष्ठ नेता व बिहार सरकार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव बिलकुल नजदीक है। अब गठबंधन में तेजी आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गठबंधन की अंतिम सफलता सीट बंटवारे पर ही निर्भर करती है। पत्रकारों के सवाल पर जदयू नेता ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार शुरू से कहते रहे हैं की सीट बंटवारे का काम जल्द हो जानी चाहिए।
नीतीश कुमार ने जून में ही राज्यवार सीट शेयरिंग पर बातचीत करने को कहा था। मीडिया ने सवाल किया कि कांग्रेस का रूख सीट बंटवारे को लेकर साफ क्यों नहीं है, तो उन्होंने कहा कि इसका जवाब कांग्रेस वाले ही दे सकते हैं। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को गठबंधन का संयोजक बनाए जाने की चर्चा जदयू ने नहीं की। नीतीश कुमार ने सार्वजनिक तौर पर इसे कई बार खारिज किया है। गठबंधन के लिए अभी ये सब महत्वपूर्ण नहीं है, जो आवश्यक है, उसपर काम हो। उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर अनावश्यक विवाद हो रहा है। राम आस्था का सवाल है। राम सब दिन से सर्वत्र व्याप्त हैं।
Tiny URL for this post: