पूर्णिया/पटना: राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिले भीषण ठंड की चपेट में है। हाड़ कंपा देनेवाली ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। पूरा जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पटना में आज गुरुवार को लगातार छठे दिन शीत दिवस जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में पिछले कई दिनों से लगातार उतार-चढ़ाव होने के कारण लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार सूबे में कड़ाके की ठंड से अभी निजात नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी तक पटना सहित कुछ जगहों पर शीतलहर या शीतदिवस की स्थिति बनी रहेगी। पटना में धूप नहीं निकलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान का फासला कम होता जा रहा है। गुरुवार को यहां गंभीर शीत दिवस के आसार हैं। लगातार शुष्क पछुआ हवा से अन्य शहरों की भी ऐसी ही स्थिति है।
बुधवार को छपरा, फारबिसगंज, सबौर, मोतिहारी, पूसा, बक्सर, अगवानपुर, कैमूर और जीरादेई में भीषण शीत दिवस की स्थिति रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार भी को पटना, भागलपुर, गया और पूर्णिया में भीषण शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रहेगी। अन्य शहरों में भी शीत दिवस जैसे हालात बने रहने के आसार हैं। राज्य में सबसे ठंडा फारबिसगंज रहा जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उत्तरप्रदेश व आसपास चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी रहने से बांका, जमुई और नवादा में बूंदाबांदी के आसार हैं।
Tiny URL for this post: