पूर्णिया: पंचायत उप निर्वाचन,2023 आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्णिया के 09 प्रखंड के 47 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवम भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न हुआ। डीएम कुन्दन कुमार स्वयं पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। इसी कड़ी में जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी महोदय द्वारा प्रखंड पूर्णिया पूर्व के बूथ नंबर-86 पंचायत सरकार भवन,लालगंज में चल रहे मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया गया एवं अनुश्रवण किया गया। साथ में उप विकास आयुक्त,श्रीमती साहिला एवं प्रशिक्षु आईएएस तथा संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे। बताते चलें कि कुल 47 मतदान केंद्रों पर 17 विभिन्न पदों के लिए मतदान हुआ। जिसमें 3 पंचायत समिति सदस्य (1 बायसी,1 पूर्णिया पूर्व ,1 भवानीपुर ),9 ग्राम पंचायत सदस्य, 1 सरपंच एवं 4 ग्राम कचहरी के पंच के लिए मतदाताओं के द्वारा मतदान किया गया। जिला पदाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार उपरोक्त मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान कराने के लिए सभी 9 प्रखंडों एवं 4 अनुमंडलो में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था।
साथ ही साथ मतदान शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त हो इसके लिए कुल 17 सेक्टरों का गठन किया गया था, साथ ही 29 पीसीसीपी पार्टी का गठन किया गया था एवं 15 ई.वी.एम क्लस्टर बनाये गये थे जिससे ई.वी.एम खराब होने की स्थिति में उसे तुरंत बदला जा सके एवं रिस्पांस टाईम को कम किया जा सके। पंचायत उप निर्वाचन,2023 में पूर्णिया जिला में कुल- 65.25% मतदान हुआ है। जिसमें पुरुष- 62.05% एवं महिला-67.81% मतदान हुआ। असामाजिक एवम उपद्रवी तत्वों पर विशेष रणनीति के तहत नजर रखी जा रही थी।महिला मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मतदान सुबह 7 बजे से प्रारंभ हो कर शाम 5 बजे संपन्न हुआ। वरीय अधिकारी सुबह से ही मतदान केंद्रों का ले रहे थे जायजा। साथ ही साथ जिला नियंत्रण कक्ष से भी पल-पल की गतिविधियों की जनकारी मतदान केंद्रों से ली जा रही थी।