पटना: राजधानी पटना में आए दिन जाम से लोग हलकान होते है। लोगों को महज आधा किलोमीटर की दूरी तय करने में कई बार घंटों लग जाते है। सबसे खराब स्थिति गांधी मैदान के इलाके की है। गांधी मैदान के चारों ओर सड़कों पर जाम की समस्या ने गंभीर रूप ले लिया है। खासकर व्यस्त समय में जाम लगना आम बात हो गई है। इसके मद्देनजर गांधी मैदान के चारों ओर की सड़कों को वनवे करने की योजना है। इसके तहत दोनों लेन पर एक ही दिशा में यातायात संचालन किया जाएगा। एक स्थान से सड़क पर प्रवेश करने पर वापस आने के लिए वाहन चालक को गांधी मैदान का एक चक्कर लगाना पड़ेगा। यातायात पुलिस ने इसकी पूरी योजना तैयार कर ली है। जनवरी के अंत तक यह व्यवस्था लागू हो सकती है। यातायात पुलिस अधिकारी का मानना है कि इस व्यवस्था से वाहन चालकों को थोड़ी अधिक दूरी तो तय करनी पड़ेगी, लेकिन वे जाम में फंसने से बच जाएंगे। शहर के मध्य में होने के कारण गांधी मैदान की सड़कों पर पूरे दिन वाहनों के भारी दबाव रहता है।
चारों ओर से आ रहे यातायात के कारण वहां जाम की स्थिति बन जाती है। गांधी मैदान और वहां स्थित सभागार में रैली व अन्य आयोजन के दौरान तो जाम की समस्या और विकराल हो जाती है। वाहन चालक कई मिनट तक जाम में फंसे रहते हैं। बीते दिनों ही कारगिल चौक पर पुलिस के एक बड़े अधिकारी भी जाम में लंबे समय में फंसे रहे थे। बाद में गांधी मैदान का गेट खोलकर वाहनों को निकाला गया था। गांधी मैदान के समीप जाम ना लगे इसके लिए यातायात पुलिस ने विशेषज्ञों से विचार विमर्श किया था। इसमें सुझाव आने पर यातायात पुलिस ने गांधी मैदान की सड़कों को वन वे करने का निर्णय लिया। वन वे में एक दिशा में वाहनों के जाने से यातायात निर्बाध रूप से चलता रहेगा।
Tiny URL for this post: