दिल्ली: आम आदमी पार्टी की दिल्ली और पंजाब में सरकार है। दिल्ली की तरह अब पंजाब में भी आप सरकार का राज्यपाल के साथ विवाद खुले रूप से सामने आ चुका है। अब तक जहां दिल्ली की केजरीवाल सरकार और उपराज्यपाल के बीच की लड़ाई सुर्खियां बना रही थीं तो अब पंजाब में भी राज्यपाल और सरकार के बीच विवाद की ख़बरें मीडिया में छाई हुई हैं। शुक्रवार को राज्यपाल ने सीएम मान को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की चेतावनी तक दे डाली है। अब इसके बाद सीएम ने भी राज्यपाल पर हमला बोला है।
- जब से हमारी सरकार आई है, बहुत काम किए गए- मान
आज चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, “कल राज्यपाल ने पंजाब के शांतिपसंद लोगों को धमकी दी कि वह राष्ट्रपति शासन लगा देंगे। राज्यपाल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। जब से हमारी सरकार आई है, बहुत काम किए गए हैं। सिर्फ अगस्त महीने में 41 किलो हेरोइन ज़ब्त की गई। अब तक 753 गैंगस्टर गिरफ्तार हुए। 786 हथियार और वाहन ज़ब्त किए गए हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।”
- जानिए क्या कहा था राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने
बता दें कि पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने शुक्रवार को भगवंत मान को चेतावनी दी थी कि वह राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश कर सकते हैं। राज्यपाल ने कहा है था कि अगर उन्हें उनके पत्रों का जवाब नहीं मिला तो वह फौजदारी प्रक्रिया भी शुरू कर सकते हैं। राज्यपाल पुरोहित ने संकेत दिया है कि वह अपने पुराने पत्रों का जवाब नहीं मिलने से निराश हैं। राज्यपाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह संवैधानिक तंत्र की विफलता पर राष्ट्रपति को रिपोर्ट भेज सकते हैं। राज्यपाल ने कहा कि वह संविधान के अनुच्छेद 356 और भारतीय दंड संहिता की धारा 124 के तहत अंतिम निर्णय लें, इससे पहले सीएम मान उचित कदम उठाएं।
Tiny URL for this post: