सहरसा, अजय कुमार: रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को सलखुआ प्रखंड के गोरियारी से सैकड़ों रामभक्त द्वारा भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। सुबह करीब नौ बजे गोरियारी से गाजे बाजे व वाहनों के साथ निकाली गई शोभा यात्रा भव्य व विशाल थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु जय श्री राम का नारा लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। वहीं झांकी के रूप में बच्चों के द्वारा राम की सेना व वानर सेना रूप धारण किए हुए रथ पर सवार होकर साथ चल रहे थे।
सैकड़ों युवाओं की टोली शोभा यात्रा के गोरियारी गांव से निकल कर सलखुआ प्रखंड के प्रमुख मार्गो से होते हुए जय श्रीराम के गगनभेदी नारे व राम नाम से ओतप्रोत होकर चल रहे थे। वाहनों पर लहराते भगवा ध्वज के साथ चल रहे युवाओं की टोली जोश से लवरेज दिखे। विभिन्न स्थानों से शांति पूर्वक निकली इस शोभा यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भाड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व बीडीओ और सीओ भी मुस्तैद दिखे। इससे पूर्व रामनवमी के उपलक्ष्य में भगवान श्रीराम की विशेष पूजा अर्चना की गई।