डेस्क: 2023 एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय एथलीटों ने एशियन गेम्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मेडल के आंकड़े को 100 तक पहुंचाने में कामयाबी हासिल की। ये पहली बार है जब भारत एशियाई खेलों में पदकों का शतक पूरा कर पाया। भारत ने एशियन गेम्स 2023 में 100 मेडल जीत लिए हैं। विमेंस कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को फाइनल में हराकर भारत को 100वां मेडल दिलाया। यह टीम इंडिया का 25वां गोल्ड रहा। भारत ने फाइनल में 26-24 से जीत हासिल की।
- आर्चरी में गोल्ड की हैट्रिक
आज गेम्स के 14वें दिन की सुबह भारत की झोली में पांच पदक आए। भारत की अनुभवी कंपाउंड तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम और ओजस देवताले ने गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगाई जबकि अदिति स्वामी को ब्रॉन्ज मेडल मिला और इसके साथ ही भारतीय तीरंदाजों ने इन एशियाई खेलों में रिकॉर्ड नौ पदक अपनी झोली में डाल लिए। इससे पहले भारत ने इंचियोन में 2014 में हुए खेलों में तीन पदक जीते थे। मौजूदा विश्व चैम्पियन अदिति स्वामी ने ब्रॉन्ज के एकतरफा प्लेआफ मुकाबले में इंडोनेशिया की रातिह जिलिजाती एफ को हराया।
- भारत के सौ मेडल पूरे होने परक पीएम मोदी ने जताई खुशी
एशियन गेम्स 2023 में भारत के सौ मेडल पूरे होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह भारतीय दल का 10 अक्टूबर को स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, हर अद्भुत प्रदर्शन ने इतिहास रचा और हमारा ह्रदय गर्व से भर दिया। मैं दस अक्टूबर को हमारे एशियाई खेलों के दल का स्वागत करूंगा और खिलाड़ियों से बात करूंगा। उन्होंने कहा कि भारत के लोग रोमांचित हैं कि हमने 100 पदकों की उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा, ‘एशियाई खेलों में भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि। मैं हमारे शानदार खिलाड़ियों को बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
- अब तक भारत ने जीते इतने मेडल
भारत ने 19वें एशियाई खेलों में अब तक 25 गोल्ड, 35 सिल्वर और 40 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं। भारत ने एथलेटिक्स, एथलेटिक्स आर्चरी और स्क्वैश के इवेंट्स में सर्वाधिक मेडल अपने नाम किए हैं। हॉकी के पुरुष इवेंट में भी भारत ने लंबे समय के बाद एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की। भारत ने इससे पहले साल 2018 में जकार्ता एशियन गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था, जब कुल 70 मेडल देश ने जीते थे। इसमें 16 गोल्ड, 23 सिल्वर और 31 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे।
Tiny URL for this post: