डेस्क: एशियाई खेलों का आज 11वां दिन है। चीन में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2023 में भारतीय प्लेयर्स बहुत ही शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आज के गेम्स में कमाल करते हुए तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीत लिया है। भारत के लिए ज्योति वेन्नम और ओजस देवताले ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। फाइनल में इन प्लेयर्स ने कोरियोई जोड़ी को मात दी। इसके साथ ही भारत ने अपने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 19वां एशियाई खेल भारत के सबसे ज्यादा मेडल जीतने का गवाह बन चुका है।
- एशियन गेम्स इतिहास में भारत का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन
भारत को आर्चरी में पहला गोल्ड मेडल मिल गया है। ज्योति सुरेखा वेन्नम और ओजस देवताले की जोड़ी ने भारत के लिए यह गोल्ड जीता। फाइनल में भारतीय जोड़ी की टक्कर साउथ कोरिया से थी। भारत ने इस मुकाबले को 159-158 से अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय तीरंदाज ज्योति और ओजस ने सेमीफाइनल में कजाखस्तान की आदेल झेशेनबिनोवा और आंद्रे त्युत्युन की जोड़ी के खिलाफ एक बार नौ अंक को छोड़कर हर बार 10 अंक जुटाए। भारतीय जोड़ी ने क्वार्टरफाइनल में मलेशिया की जोड़ी मोहम्मद जुवैदी बिन माजुकी और फातिन नूरफतेहाह मेट सालेह को मात दी थी। अब उन्होंने फाइनल में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा और स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही भारत के 71 मेडल हो गए हैं। एशियन गेम्स इतिहास में भारत का सबसे बेस्ट प्रदर्शन है।
- अपने पिछले बेस्ट प्रदर्शन का रिकॉर्ड तोड़ा
भारत ने एशियाई खेलों के इतिहास में अपनी सफलता की नई कहानी लिखी है। उसने अपने पिछले बेस्ट प्रदर्शन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारत ने जकार्ता में हुए 2018 एशियन गेम्स में 16 गोल्ड के साथ कुल 70 मेडल जीते थे। लेकिन 19वें एशियाई खेलों का अभी 11वां दिन ही है और उसने ना सिर्फ 16 गोल्ड जीत लिया है। बल्कि कुल 71 मेल भी झोली में डाल लिए हैं। भारत ने 16वां गोल्ड मेडल तीरंदाजी के कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में जीता।