सहरसा, अजय कुमार: सहरसा का लाल अरबाज अंसारी किसी परिचय का मोहताज नहीं है। अरबाज ने 2016 ई से नेशनल एवं 2017 से अंतरराष्ट्रीय खेल में अपनी धाक जमाने में सफल रहा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के 9 पदक जिसमें दो स्वर्ण पदक, एक रजत पदक एवं छह कांस्य पदक हासिल किया है। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर 4 पदक में एक रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किया है। अरबाज अंसारी 2011 से बैडमिंटन खेलना प्रारंभ किया। जिसके बाद इन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल में ब्राजिल, स्पेन, थाईलैंड, बहरीन, टर्की, दुबई, युगांडा एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल में भुवनेश्वर, लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु, बनारस सहित अनेकों स्थान पर जाकर अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्तमान में अरबाज अंसारी एमएलटी कॉलेज में इतिहास विषय से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।
सोमवार को अरबाज महाविद्यालय पहुंच कर प्रधानाचार्य को अपना पदक दिखाया। इतने सारे पदक देख प्रधानाचार्य ने उन्हें जीवन में और मुकाम पाने की शुभकामना दी। प्रधानाचार्य प्रो.डॉ.पवन कुमार ने कहा अरबाज ने अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खेल में एक से बढ़कर एक मेडल हासिल करना एमएलटी कॉलेज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा इन्होंने महाविद्यालय ही नहीं बीएनएमयू विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इनके लगातार अच्छे प्रदर्शन एवं एक से बढ़कर एक पदक हासिल करने से महाविद्यालय व विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों में ललक पैदा होगी। मौके पर डॉ.अजय कुमार सिंह, डॉ.दीपक गुप्ता, डॉ.सतीश कुमार दास, डॉ.अभिषेक नाथ, डॉ.प्रशांत कुमार मनोज, विनीत शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।