पूर्णिया, अक्षय कुमार सिंह : फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पूरा क्षेत्र सदमे में है, इस युवक की मौत ने सबको झिंझोर दिया है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। काश उनकी मां जिंदा होतीं, तो वे आत्महत्या नहीं करते। उक्त बातें बिहार सरकार की मंत्री बीमा भारती ने अपने निवास स्थान भिठा गांव में शोक व्यक्त करते हुए कही।
उन्हेांने कहा कि काश उनकी मां आज जिंदा होतीं तो वे आज जिंदा होते। बच्चे अपनी मां से अपने दुखों को जरूर सुनाते हैं तथा मां से बडा दुख सुनने एवं उसका समाधान निकालने वाला कोई नहीं होता है। आज उनकी मौत से उनका क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरा देश सदमे में है। इसकी भरपाई कभी भी नहीं हो सकती। देश के नामचीन कलाकारों के रूप में उभर रहे सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर सबको रूला डाला है। खासकर युवक काफी सदमे में हैं, इस क्षेत्र के युवक उन्हें अपने दिलों से लगाकर रखते थे तथा अपना आइडिल मानते थे। उनकी मौत पर शोक व्यक्त करते हुए तथा उनके परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि भगवान उनकी आत्मा को शान्ति दें। मंत्री ने कहा वो उनके पार्थिव शरीर को देखने पटना जाएंगी।